Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में दिवाली की रात गोलियों से गूंजा सिधरावली गांव, गैंगस्टर अशोक राठी गैंग के गुर्गे दीपक की हत्या
गुरुग्राम: दिवाली की रात जब लोग पटाखे चलाकर त्योहार मना रहे थे, उसी दौरान गुरुग्राम के सिधरावली गांव में गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। यहां अज्ञात हमलावरों ने गैंगस्टर अशोक राठी गैंग से जुड़े दीपक की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया, जब दीपक अपनी स्विफ्ट कार से घर लौट रहा था।

जानकारी के मुताबिक, सिधरावली गांव का रहने वाला दीपक दिवाली की देर रात अपनी कार से घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया। इससे पहले कि दीपक कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। फायरिंग इतनी ताबड़तोड़ थी कि दीपक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि मृतक दीपक कुख्यात गैंगस्टर अशोक राठी गैंग से जुड़ा हुआ था। उसके खिलाफ कई थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें गैंगस्टर अशोक राठी की पत्नी की हत्या का मामला भी शामिल बताया जा रहा है। ऐसे में दीपक की हत्या को गैंगवार और पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच: वारदात की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीम भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं।
पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में गैंगवार और आपसी रंजिश समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
दिवाली की रात हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। हत्या के पीछे किस गैंग या किस रंजिश का हाथ है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।




