Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के हिरनकी गांव की कश्मीरी कॉलोनी स्थित किरणदीप फाउंडेशन डी-एडिक्शन सेंटर में एक युवक की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान बुराड़ी के अरुण कुमार के रूप में हुई है। अरुण के पिता रिक्शा चलाकर परिवार का पेट पालते हैं। किशोरावस्था से नशे की लत में फंसे अरुण को परिवार ने इलाज के लिए इस सेंटर में भर्ती कराया था, लेकिन यहां उसकी जान चली गई।
आउटर नॉर्थ जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि अलीपुर थाना पुलिस को शुक्रवार को कश्मीरी कॉलोनी में चाकूबाजी की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पूरे परिसर में खून बिखरा पड़ा था। घायल युवक को बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में अलीपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान केशवपुरम के त्रिनगर के अरुण जोशी के रूप में हुई है। अरुण का भी यहां पर इलाज चल रहा था।

गाली देने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
परिवार के सदस्यों ने बताया कि अरुण किशोरावस्था से नशे का शिकार हो गया था। परिवार ने उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था, ताकि वह नशे से मुक्त होकर सामान्य जीवन जी सके। वहीं आरोपी से पूछताछ के दौरान पता लगा कि कुछ दिन पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। अरुण कुमार ने आरोपी को गाली दी थी, जिसका बदला लेने के लिए आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया।
सेंटर में भर्ती हैं 27 मरीज
यह वारदात सेंटर के अंदर हुई, जहां अभी 27 नशे के मरीज भर्ती हैं। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से खून से सना चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है और आगे की कार्रवाई कर रही है।




