गुरुग्राम में युवक की बेरहमी से पिटाई, स्कूटी पर लादकर घर के बाहर फेंका, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
गुरुग्राम: साइबर सिटी गुरुग्राम के नई बस्ती इलाके से मारपीट की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। मामूली कहासुनी के बाद 25 वर्षीय नितिन के साथ कुछ युवकों ने कथित तौर पर इतनी बेरहमी से मारपीट की कि वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे स्कूटी पर लादकर उसके घर के बाहर फेंक दिया गया। घटना की CCTV तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें युवक को स्कूटी पर ले जाते हुए देखा जा सकता है। मामले में अब गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है।

जानकारी के मुताबिक, घटना की शुरुआत 10 नवंबर की देर रात हुई थी। नई बस्ती के रहने वाले नितिन और कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके अगले दिन यानी 11 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे मामला उस समय बढ़ गया, जब नितिन वाल्मीकि मंदिर के पास अपनी मोटरसाइकिल पर खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान तुषार उर्फ निखिल, साहिल और उनके साथ मौजूद अन्य युवक वहां पहुंचे और नितिन को जबरदस्ती अपने साथ ले जाने की कोशिश की।
नितिन के मुताबिक, जब उसने वहां से निकलने की कोशिश की तो वह गिर गया। इसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि उसके साथ छेनी, चाकू और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई। हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया और बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी उसे स्कूटी पर लादकर उसके घर के बाहर ले गए और वहां फेंककर चले गए। CCTV में कैद इन तस्वीरों ने पूरे मामले को और भी गंभीर बना दिया है। फिलहाल नितिन एक निजी अस्पताल में भर्ती है।
पुरानी रंजिश को लेकर पीड़ित ने लगाए गंभीर आरोप: नितिन का कहना है कि उसके पिता और आरोपियों के पिता के बीच करीब 30 से 40 साल पुरानी रंजिश चली आ रही थी। उसके पिता का निधन हो चुका है, लेकिन उसे शक है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते अब उसे निशाना बनाया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश की।
नितिन ने पुलिस पर भी कार्रवाई में देरी करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि घटना के बाद पुलिस उसके पास पहुंची जरूर, लेकिन शिकायत के बावजूद शुरुआत में न तो FIR दर्ज की गई और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई। पीड़ित परिवार लगातार पुलिस से इंसाफ की मांग कर रहा था।
पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद: वहीं, मामले में गुरुग्राम पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर को एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी अर्जुन नगर में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि 11 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे वह वाल्मीकि मंदिर, नई बस्ती के पास अपनी मोटरसाइकिल पर खड़ा था। इसी दौरान तुषार उर्फ निखिल, साहिल और अन्य लोग वहां आए और उसे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगे। विरोध करने और वहां से भागने की कोशिश के दौरान वह गिर गया, जिसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। बाद में उसे स्कूटी पर डालकर घर के बाहर फेंक दिया गया।
शिकायत के आधार पर थाना न्यू कॉलोनी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस चौकी अर्जुन नगर की टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 नवंबर को नई बस्ती से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार (25 वर्ष) और साहिल (26 वर्ष), लोकेश @लोकी(30 वर्ष) निवासी नई बस्ती 3नों निवासी नई बस्ती, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताई ये वजह: पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शिकायतकर्ता उनके घर के पास गाली-गलौज कर रहा था। जब उन्होंने उसे वहां से जाने के लिए कहा तो वह नहीं गया। इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ और आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में दो के खिलाफ गुरुग्राम में लड़ाई-झगड़े से जुड़े दो-दो मामले पहले से दर्ज मिले हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी उनके कब्जे से बरामद कर ली है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।
CCTV तस्वीरों के बाद पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल: इस घटना के CCTV दृश्य सामने आने के बाद इलाके में काफी चर्चा है। एक तरफ पीड़ित परिवार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग कर रहा है, तो दूसरी तरफ पुलिस ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले में जांच आगे बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि जांच में इस हमले के पीछे की असली वजह क्या सामने आती है और मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




