Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 27 मार्च। जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी क्रम में सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने मारुति कुंज क्षेत्र में छापेमारी करते हुए 20 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जब्त सिलेंडरों में 18 भरे हुए भारत गैस सिलेंडर, एक खाली भारत गैस सिलेंडर और एक खाली इंडेन सिलेंडर शामिल है। इसके साथ ही एक वाहन को भी कब्जे में लिया गया है और एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक (DFSC) अशोक रावत ने बताया कि उपायुक्त अजय कुमार के निर्देश पर जिले में एलपीजी की मांग, आपूर्ति और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या अवैध भंडारण पूरी तरह प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर मारुति कुंज में वाहन नंबर HR 55 AJ 9226 को रोका गया। वाहन में सवार अंकुश यादव (निवासी सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश) से पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसे हिरासत में लेते हुए सिलेंडर और वाहन जब्त कर लिए गए।
इस अभियान में सीएम फ्लाइंग, सीआईडी और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कई अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि कालाबाजारी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, ओवरचार्जिंग या अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।




