Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
त्रिनगर के गणेशपुरा इलाके में शुक्रवार को पानी की मोटर में हुए शॉर्ट सर्किट ने भयानक रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरे मकान में भीषण आग लग गई। इससे चार मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे परिवार के 6 सदस्य झुलस गए। किसी तरह से उन्होंने अपनी जान बचाई। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान भरत लाल, अनीता, प्रीतम लाल, वंदना, मोनी व तीन वर्षीय बच्ची सोम्या के रूप में हुई है। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि केशवपुरम थाना पुलिस को शुक्रवार को जानकारी मिली थी कि त्रिनगर के गणेशपुरा इलाके के एक मकान में आग लगी है और कुछ लोग फंसे हुए हैं। पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा तो देखा कि फायर ब्रिगेड की टीमें पहले से ही आग बुझाने में जुटी हुई थीं। इस दौरान तीन वर्षीय बच्ची समेत छह लोगों को चोट आई। सभी घायलों को पहले पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से चार महिलाओं को सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पानी की मोटर में लगी थी आग
पुलिस अधिकारी की माने तो प्रारंभिक जांच में पता चला कि आग की शुरुआत सीढ़ियों के पास लगे इलेक्ट्रिक वॉटर मोटर में शॉर्ट सर्किट से हुई। मोटर के पास कॉस्मेटिक आइटम्स रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आ गए। इसके अलावा सीढ़ियों के पास खड़ी एक बाइक ने भी आग को तेजी से फैलाने में मदद की।
पुलिस मामले की कर रही जांच
जानकारी के अनुसार चार मंजिला मकान को 50 गज के प्लॉट पर बनाया गया है। ग्राउंड फ्लोर पर कन्हैया साड़ी नाम की साड़ी की दुकान है। घायल परिवार दूसरी मंजिल पर रहता है, जबकि तीसरी मंजिल पर एक अन्य किरायेदार रहता है। फिलहाल आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।





