Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
मंगोलपुरी थाना इलाके में सोमवार को 80 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी ने अपने लाइसेंस्ड रिवॉल्वर से गोली मारकर जान दे दी। मृतक की पहचान पीतमपुरा के सुविधा कुंज के उमराव सिंह के रूप में हुई है। मूल रूप से वह सुल्तानपुर माजरा गांव के रहने वाले थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार, उमराव सिंह रियल एस्टेट का काम करते थे। उनके दोनों बेटे भी रियल एस्टेट कारोबार में हैं, जबकि बेटियां विवाहित हैं। उमराव सिंह की पत्नी की वर्ष 2013 में कैंसर से मौत हो चुकी है। इसके बाद वह अकेला महसूस कर रहे थे। साथ ही उन्हें अस्थमा और नसों से संबंधी समस्याएं भी थीं। इन सब बातों ने उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित किया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि
मंगोलपुरी थाना पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक बुजुर्ग ने खुद को गोली मार ली है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि उमराव सिंह खून में लथपथ पड़े थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने प्रारंभिक जांच में किसी भी आपराधिक गतिविधि के शक न होने की बात कही है।




