Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में 25 अक्टूबर तक हटेंगे सभी RMC प्लांट, निगमायुक्त के सख्त निर्देश
गुरुग्राम में वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने की तैयारी, बायोमास जलाने पर रोक और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के भी निर्देश
गुरुग्राम, 15 अक्टूबर। गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण को रोकने के लिए नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने निर्देश दिए हैं कि नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सभी रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांट 25 अक्टूबर तक हटा दिए जाएं। निगम क्षेत्र में ऐसे कुल 31 प्लांट बताए गए हैं। इन्हें हटाने के लिए संबंधित प्लांट संचालकों को नोटिस जारी करने समेत जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

वीरवार को नगर निगम कार्यालय में वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर हुई समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने अधिकारियों से साफ कहा कि प्रदूषण कम करने के लिए केवल निर्देश जारी करना काफी नहीं है। इनका असर जमीन पर भी दिखना चाहिए। उन्होंने संबंधित संयुक्त आयुक्तों को तय समयसीमा में कार्रवाई पूरी करने और 25 अक्टूबर के बाद निगम क्षेत्र में कोई RMC प्लांट नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
बायोमास और कचरा जलाने वालों पर होगी कार्रवाई: निगमायुक्त ने शहर में बायोमास जलाने की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाएं और यदि कोई व्यक्ति बायोमास जलाता हुआ मिले, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें।
बागवानी कचरे का समय पर उठान करने पर भी जोर दिया गया, ताकि कचरे में आग लगाने की नौबत न आए। इसके साथ ही कचरा डंपिंग प्वाइंटों पर निगरानी बढ़ाने और वहां कचरा जलाने की घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए गए।
निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के लिए पानी का छिड़काव: शहर में निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए भी अधिकारियों को सख्ती बरतने को कहा गया। निगमायुक्त ने निर्माण स्थलों और उनके आसपास नियमित पानी का छिड़काव कराने तथा धूल को फैलने से रोकने के जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सड़कों और पेड़ों पर पानी का छिड़काव करने के साथ सड़कों की डीप क्लीनिंग पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को कहा गया कि सड़कों पर जमा धूल को अच्छी तरह साफ किया जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही के दौरान यह दोबारा हवा में न फैले।
सफाई व्यवस्था और निगरानी पर भी जोर: बैठक में निगमायुक्त ने कचरे का समय पर उठान करने, डंपिंग प्वाइंटों की नियमित निगरानी और सफाई कर्मचारियों को जरूरी प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और लापरवाही सामने आने पर उचित कदम उठाए जाएं।
नगर निगम की ओर से RMC प्लांट हटाने, कचरा और बायोमास जलाने पर रोक लगाने, निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने और सड़कों की सफाई जैसे कदमों के जरिए प्रदूषण कम करने पर जोर दिया जा रहा है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद: बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका, कुशल कटारिया और डॉ. जयवीर यादव के अलावा संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह, डॉ. नरेश कुमार, सपना यादव और रविंद्र मलिक सहित कार्यकारी अभियंता मौजूद रहे।




