Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
मंगोलपुरी के पत्थर मार्केट के एक पीजी में एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर शव डबल बेड के बॉक्स में ठूंस दिया। पीजी के मालिक ने पुलिस को शिकायत की तो पुलिस ने शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मंगोलपुरी के सुरेंद्र उर्फ बॉबी, दीपक व जोगिंदर के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, इमारत की तीसरी मंजिल पर अमरजीत नामक युवक पीजी चलाता है। महिला मंगलवार को आरोपियों में से एक के साथ पीजी में गई थी। यहां पर उसकी आरोपियों के साथ किसी बात पर बहस हुई। इसी बहस को लेकर युवक ने युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने साथियों को बुलाया व शव को डबल बेड के बॉक्स में ठूंस दिया। जिस तरह वह हड़बड़ी में वहां से भागे तो अमरजीत को उन पर शक हुआ। उसने कमरे के अंदर जाकर देखा तो सब बिखरा पड़ा था। इसके बाद उसने पुलिस को कॉल किया।
पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंगोलपुरी थाना पुलिस को जानकारी मिली थी कि मंगोलपुरी पत्थर मार्केट में एक महिला का शव बेड के बॉक्स में छिपाया हुआ है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इमारत की तीसरी मंजिल पर पीजी चल रहा था। कमरे में रखे डबल बेड में महिला का शव बरामद हुआ। महिला के गला घोंटा गया था और माथे पर चोट के निशान थे। क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके से सुबूत जुटाए। जांच के दौरान पता लगा कि महिला मंगोलपुरी की रहने वाली थी। जांच में पता चला कि वह एक व्यक्ति के साथ संबंध में थी। मंगलवार दोपहर के बाद महिला और आरोपी कमरे में मिले थे। दोनों करीब एक घंटे तक कमरे में रहे। आरोपी के जाने के बाद पीजी मालिक ने कमरे की स्थिति देखी और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने केस दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।




