गुरुग्राम का GIS मॉडल देखने पहुंचा श्रीलंका का 40 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
गुरुग्राम के One Map पोर्टल और डिजिटल सिस्टम को समझा, शहरी विकास में तकनीक के इस्तेमाल की सराहना की
गुरुग्राम, 26 नवंबर। गुरुग्राम में शहर के विकास और प्रबंधन के लिए इस्तेमाल की जा रही आधुनिक तकनीक अब दूसरे देशों का भी ध्यान खींच रही है। इसी कड़ी में श्रीलंका के 40 प्रशासनिक अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) पहुंचा। यहां अधिकारियों ने GIS (जियोग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम) आधारित शहरी प्रबंधन मॉडल को समझा और जाना कि किस तरह डिजिटल तकनीक की मदद से शहर की सड़कों, जमीन, सीवरेज, बिजली और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की निगरानी की जा रही है।

श्रीलंका के ये अधिकारी नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस (NCGG), मसूरी की ओर से आयोजित भूमि प्रबंधन से जुड़े 21वें क्षमता निर्माण कार्यक्रम में हिस्सा लेने भारत आए हुए हैं। गुरुग्राम दौरे के दौरान उन्हें GMDA के GIS डिवीजन की ओर से शहर में तकनीक के इस्तेमाल और उससे मिल रहे फायदों की जानकारी दी गई।
इस दौरान हरियाणा स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (HARSAC) के निदेशक और GMDA के GIS डिवीजन के प्रमुख डॉ. सुल्तान सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि किस तरह अलग-अलग सरकारी विभागों के जमीन और बुनियादी ढांचे से जुड़े रिकॉर्ड को GIS तकनीक के जरिए एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ा गया है। इससे अधिकारियों को शहर की अलग-अलग व्यवस्थाओं की जानकारी एक जगह मिल जाती है और योजनाएं बनाने से लेकर उन पर काम करने तक में आसानी होती है।
One Map पोर्टल पर एक जगह मिलती है शहर की पूरी जानकारी
दौरे के दौरान GMDA के One Map पोर्टल को खास तौर पर दिखाया गया। इस पोर्टल पर जमीन के मालिकाना हक, सड़कें, फ्लाईओवर, स्ट्रीट लाइट, CCTV कैमरे, ड्रेनेज नेटवर्क, बिजली-पानी जैसी सुविधाएं, फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट से जुड़ी जानकारी उपलब्ध है।
इसके अलावा पोर्टल के जरिए घरों की मैपिंग, सड़कों की स्थिति पर नजर रखने, ट्रैफिक का आकलन करने और शहर में नए इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पहचानने में भी मदद मिलती है। यानी शहर के विकास से जुड़े कई अहम काम अब डिजिटल मैप के जरिए आसानी से किए जा सकते हैं।
डॉ. सुल्तान सिंह ने बताया कि अलग-अलग विभागों का डेटा एक प्लेटफॉर्म पर आने से अधिकारियों के बीच तालमेल बेहतर हुआ है। इससे विकास योजनाओं को तैयार करने, निर्माण कार्यों की निगरानी करने और उन इलाकों की पहचान करने में मदद मिलती है, जहां बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने की जरूरत है। GIS से जुड़ी जानकारी को नियमित रूप से अपडेट भी किया जाता है, ताकि प्रशासन के पास शहर की मौजूदा स्थिति का सही रिकॉर्ड रहे।
सैटेलाइट तस्वीरों से भी रखी जा रही नजर
प्रतिनिधिमंडल को यह भी बताया गया कि सैटेलाइट तस्वीरों की मदद से शहर में जमीन के इस्तेमाल में हो रहे बदलावों पर नजर रखी जाती है। इससे नए निर्माण और विकसित हो रहे इलाकों की पहचान करने में मदद मिलती है। इसके साथ ही वायु गुणवत्ता, मिट्टी की स्थिति और मौसम से जुड़ी जानकारियों के इस्तेमाल के बारे में भी जानकारी साझा की गई।
इस मौके पर HARSAC की ओर से तैयार किए गए कई डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप्लीकेशन भी दिखाए गए। इनमें म्हारी सड़क (Mhari Sadak), व्हीकल लाइव ट्रैकिंग, One Map Jal Portal, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, G-Fasal Dashboard, स्मार्ट पुलिसिंग पोर्टल, एयर पॉल्यूशन मॉनिटरिंग और बिल्डअप पोर्टल शामिल रहे।
इन डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए जमीन प्रबंधन, खेती, परिवहन, जल संसाधन और शहरी विकास जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी और कामकाज को आसान बनाया जा रहा है।
‘म्हारी सड़क’ ऐप की भी दी गई जानकारी
प्रतिनिधिमंडल को ‘म्हारी सड़क’ ऐप के बारे में भी विस्तार से बताया गया। यह ऐप आम लोगों के लिए काफी उपयोगी है। इसके जरिए सड़क से जुड़ी शिकायतें लोकेशन के साथ दर्ज की जा सकती हैं। संबंधित अधिकारी शिकायत की जगह को आसानी से पहचान सकते हैं और उस पर कार्रवाई की निगरानी भी की जा सकती है। इससे शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने और लोगों को बेहतर सुविधा देने में मदद मिलती है।
श्रीलंका के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी रहे शामिल
इस प्रतिनिधिमंडल में श्रीलंका सरकार के अलग-अलग विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। इनमें डिविजनल सेक्रेटरी केपीएनएस विजेथुंगे, डीएमएस दिसानायके, ईएमजीजी महानामा और डब्ल्यूएएससीजी जांजा शामिल रहे। इनके अलावा सीनियर डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल पी. पीराभाकर और अतिरिक्त लैंड कमिश्नर जनरल आई.बी. गुणावर्धना ने भी दौरे में हिस्सा लिया। प्रतिनिधिमंडल में लैंड कमिश्नर जनरल विभाग और सर्वे विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
श्रीलंका के अधिकारियों ने GMDA और HARSAC की ओर से तैयार किए गए डिजिटल सिस्टम की सराहना की। उन्होंने खास तौर पर जमीन के रिकॉर्ड, बुनियादी सुविधाओं की निगरानी, अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल और आम लोगों को बेहतर सेवाएं देने में इन तकनीकों के इस्तेमाल को उपयोगी बताया।
यह दौरा दोनों देशों के अधिकारियों के बीच प्रशासनिक अनुभव साझा करने का भी एक अच्छा अवसर रहा। इसके जरिए श्रीलंका के अधिकारियों को यह समझने का मौका मिला कि किस तरह GIS और डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल करके शहरों की योजना, निगरानी और रोजमर्रा के प्रशासनिक कामकाज को अधिक आसान और प्रभावी बनाया जा सकता है।




