गुरुग्राम में पैसों के विवाद में युवक की हत्या, शव पानी के पुराने टैंक में दबाया; एक आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम में मूंगफली बेचने वाले 25 वर्षीय नईम की हत्या का मामला सुलझा, चार दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
गुरुग्राम, 26 नवंबर। गुरुग्राम में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक पर पहले चाकू से हमला किया गया और फिर गमछे से गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सेक्टर-63A के पास एक पुराने पानी के टैंक में दबा दिया और ऊपर से मिट्टी डालकर उसे छिपा दिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान 21 वर्षीय बबलू के रूप में हुई है।

बैटरी चार्जर लेने दिल्ली जाने की बात कहकर निकला था नईम
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को एक व्यक्ति ने सेक्टर-65 थाने में अपने छोटे भाई नईम के लापता होने की शिकायत दी थी। उसने बताया कि करीब 25 वर्षीय नईम गुरुग्राम में मूंगफली बेचने का काम करता था। 8 नवंबर की शाम वह बैटरी चार्ज करने के लिए चार्जर लेने दिल्ली जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान सेक्टर-50 इलाके में एक मोबाइल फोन मिलने की जानकारी मिली। शिकायतकर्ता ने मौके पर पहुंचकर फोन देखा तो वह उसके लापता भाई नईम का निकला। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से मिला सुराग, पुराने पानी के टैंक में मिला शव
नईम की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ की और CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच सेक्टर-63A स्थित कादरपुर टी-पॉइंट के पास खाली खेतों तक पहुंची।
22 नवंबर को यहां बने एक पुराने पानी के टैंक के पास जमीन में दबा हुआ शव बरामद हुआ। मौके पर क्राइम टीम और फिंगरप्रिंट टीम को बुलाया गया, जिन्होंने जरूरी साक्ष्य जुटाए। बाद में शव की पहचान लापता युवक नईम के रूप में हुई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद मामले में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गईं।
4-5 साल से साथ करते थे मूंगफली बेचने का काम
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी बबलू और मृतक नईम पिछले 4-5 साल से गुरुग्राम में साझेदारी में मूंगफली बेचने का काम करते थे। दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इसी विवाद के चलते 8 नवंबर को सेक्टर-63A के कादरपुर टी-पॉइंट के पास बनी झुग्गियों में दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान बबलू ने नईम पर चाकू से वार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गमछे से नईम का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
कपड़े जलाए, शव पर डाला नमक और मिट्टी
हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात के समय पहने हुए कपड़े जला दिए। इसके बाद पास ही स्थित एक पुराने पानी के टैंक में मिट्टी खोदकर नईम के शव को दबा दिया। शव के ऊपर नमक डालकर फिर मिट्टी से ढक दिया, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे।
चार दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 26 नवंबर को मुख्य आरोपी बबलू (21) को उसके गांव बेहटा गोसाई, थाना बिल्सी, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया। गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है।
पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी, उसके अन्य साथियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर पूछताछ करेगी। इसके अलावा हत्या से जुड़े दूसरे सबूत भी जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




