Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में विभाग द्वारा मंगलवार को सेक्टर 55 और 57 में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट अमित वशिष्ठ (एसडीओ) की निगरानी में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई।

अभियान के दौरान सेक्टर 57 में विभाग की करीब आधा एकड़ भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार एक ठेकेदार ने इस जमीन पर अपना संयंत्र और अन्य सामान रखा हुआ था। विभाग की ओर से उसे कई बार नोटिस और मौखिक रूप से जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद विभाग को कार्रवाई करनी पड़ी।
इसके अलावा विभाग के रिहायशी प्लॉट पर अवैध रूप से संचालित किए जा रहे वॉशिंग स्टेशन, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग पॉइंट, एल्युमिनियम वर्कशॉप और कार डिटेलिंग सेंटर को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण और कब्जे हटाकर भूमि को विभाग के कब्जे में लिया गया।
विभाग की संपदा अधिकारी डॉ. अनुपमा मलिक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या व्यावसायिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान विभाग के कनिष्ठ अभियंता विकास सैनी, अमनदीप, रामपाल आर्य सहित सर्वे टीम के सभी सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा ताकि विभाग की संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त रखा जा सके।




