Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 2 जून। गुरुग्राम में चल रही बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की प्रगति को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री और गुरुग्राम सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने मंगलवार को लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में GMDA, नगर निगम और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम मेट्रो, सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR), दिल्ली-बावल RRTS कॉरिडोर, ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं, जलापूर्ति और ड्रेनेज सिस्टम समेत कई अहम प्रोजेक्ट्स की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी काम तय समय सीमा में और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
मेट्रो और SPR परियोजनाओं पर फोकस: अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम मेट्रो परियोजना का करीब 8 फीसदी काम पूरा हो चुका है। मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो कॉरिडोर को अगस्त 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कुछ जगहों पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया अभी जारी है, जिस पर केंद्रीय मंत्री ने जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए।
SPR परियोजना को लेकर अधिकारियों ने बताया कि NH-48 से वाटिका चौक तक निर्माण कार्य अक्टूबर में शुरू होने की संभावना है। वहीं वाटिका चौक का डिजाइन अंतिम चरण में है। निर्माण शुरू होने के बाद परियोजना को 30 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
हाईवे परियोजनाओं की धीमी रफ्तार पर नाराजगी: बैठक के दौरान राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने NHAI अधिकारियों से कहा कि लंबित फ्लाईओवर और अन्य निर्माण कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। साथ ही सर्विस रोड की स्थिति सुधारने के भी निर्देश दिए ताकि लोगों को ट्रैफिक में परेशानी न हो।
STP मॉनिटरिंग और पर्यावरण पर जोर: केंद्रीय मंत्री ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निजी हाउसिंग सोसायटियों में लगे STP की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। मानेसर स्थित CETP के नियमित निरीक्षण और पर्यावरण मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात भी कही गई।
2051 की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनेगी Water Plan: जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के दौरान राव इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को वर्ष 2051 तक की आबादी को ध्यान में रखते हुए लंबी अवधि की जल प्रबंधन योजना तैयार करने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि IIT रुड़की की स्टडी के आधार पर भविष्य की जरूरतों के मुताबिक जल संसाधनों की योजना तैयार की जा रही है।
बैठक में प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) डी.एस. ढेसी, GMDA CEO पी.सी. मीणा, नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, HSVP प्रशासक वैशाली सिंह, ADC सोनू भट्ट समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे




