Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 14 अप्रैल 2026: हरियाणा के गुरुग्राम में STF को बड़ी सफलता हाथ लगी है। STF टीम ने कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल गैंग के सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर निवेश उर्फ डिल्ला को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सोनीपत जिले के जाजल गांव का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, 13 अप्रैल को STF को गुप्त सूचना मिली थी कि गैंगस्टर दीपक नांदल, जो फिलहाल विदेश में रहकर अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है, अपने सहयोगी निवेश उर्फ डिल्ला के जरिए गुरुग्राम के एक कारोबारी मयंक चावला के कार्यालय पर फिरौती के लिए फायरिंग करवाने की योजना बना रहा है।
सूचना के आधार पर STF टीम ने बंधवाड़ी गांव के पास नाकाबंदी की। 14 अप्रैल की देर रात करीब 12:50 बजे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश की।
आरोपी द्वारा चलाई गई गोलियों में से एक STF के सब-इंस्पेक्टर विवेक और दूसरी पी/एसआई विकास की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे दोनों अधिकारियों की जान बाल-बाल बच गई। आरोपी ने कुल चार राउंड फायर किए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। आरोपी के पास से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है।
घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए सामान्य अस्पताल, गुरुग्राम में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निवेश उर्फ डिल्ला गैंगस्टर दीपक नांदल के लिए सक्रिय रूप से काम करता था। वह करनाल में हुई फायरिंग की घटना में हथियार सप्लाई करने और हाल ही में गुरुग्राम के कारोबारी मयंक चावला के कार्यालय पर हुई फायरिंग में भी शामिल रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी थाना DLF फेज-1 में दर्ज एक अन्य मामले में भी वांछित था। STF अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे गैंग के अन्य सदस्यों और पूरे आपराधिक नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिलने की संभावना है।
हरियाणा STF ने साफ किया है कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ “Zero Tolerance Policy” के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




