Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 20 अप्रैल 2026: ऑनलाइन डेटिंग ऐप Bumble के जरिए दोस्ती कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर महिला को झांसे में लिया।

पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को थाना डीएलएफ फेज-3 में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि जनवरी 2026 में उसकी मुलाकात बंबल ऐप के माध्यम से सौरभ नाम के व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे विश्वास में लिया और शादी का वादा किया।
आरोप है कि इसी झांसे में आकर महिला के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए। कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसने यह बात जानबूझकर छुपाई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गुरुग्राम से ही गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान सौरभ के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पश्चिमी वर्धमान जिले का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के सेक्टर-71 क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह एक निजी कंपनी में काम करता है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस की अपील:
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या डेटिंग ऐप्स पर किसी अनजान व्यक्ति से संपर्क करते समय उसकी पहचान और पृष्ठभूमि की पूरी जांच जरूर करें। किसी भी तरह के झांसे, खासकर शादी या रिश्तों के नाम पर किए गए वादों से सतर्क रहें।




