Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 22 अप्रैल 2026। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजने की व्यवस्था को और तेज कर दिया है। अब उपभोक्ताओं को एसएमएस के साथ-साथ उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप के जरिए बिजली बिल की विस्तृत पीडीएफ कॉपी भी प्राप्त हो रही है।

प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार सभी ऑपरेशन सर्कल के अधीक्षण अभियंताओं को इस सुविधा के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने व्हाट्सएप-सक्षम मोबाइल नंबर निगम के रिकॉर्ड में अपडेट कराएं। इसके लिए निगम ने अपना आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर +91 88139 99708 जारी किया है।
निगम प्रवक्ता संजय चुघ ने जानकारी दी कि फरवरी और मार्च 2026 के दौरान कुल 20.63 लाख बिजली बिल सफलतापूर्वक व्हाट्सएप के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचाए गए। यह पहल समय पर बिल डिलीवरी सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं की असुविधा को कम करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस सुविधा से बिल न मिलने से जुड़ी शिकायतों में कमी आने की संभावना है। साथ ही उपभोक्ता इसी व्हाट्सएप नंबर के जरिए अपनी बिजली संबंधी शिकायतें भी दर्ज करा सकते हैं, जिससे समस्या समाधान प्रक्रिया और अधिक सरल, पारदर्शी और तेज हो जाएगी।




