Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के रोहिणी इलाके के कराला गांव में तीन युवकों ने कैब चालक को बीयर की बोतल से सिर पर मारा और कार लूट ली। फिर उसी कार के बदले 20 हजार रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान जैन नगर के रवि कुमार, पुष्पेंद्र उर्फ काले और हरगोविंद उर्फ टोची के रूप में हुई है। उनके पास से दो लूटी गई कारें, मोबाइल और चाकू बरामद किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात करीब 1 बजे रोहिणी के न्यू कराला रोड, जैन नगर में एक कैब चालक को तीन युवकों ने बुरी तरह घायल कर दिया। युवकों ने ऑनलाइन कैब बुक की थी। जब चालक उन्हें चांदनी चौक ले जाने के लिए पहुंचा तो तीनों ने ओटीपी दिया और कार में बैठ गए। रास्ते में एक युवक ने बहाना बनाया कि वह मोबाइल घर पर भूल गया है। जैसे ही चालक ने कार रोकी, तीनों ने उसे बाहर खींच लिया। एक ने बीयर की बोतल से सिर पर वार किया और दूसरे ने चाकू दिखाकर कार लूट ली और भाग गए। थोड़ी देर बाद चालक को मैसेज आने लगे कि कार वापस चाहिए तो 20 हजार रुपये भेज दो। फिर उन्होंने यूपीआई से पैसे मांगने के लिए अपने मोबाइल नंबर भी भेज दिए। चालक ने बेगमपुर थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपियों से दो कार बरामद
आरोपियों को पकड़ने के लिए एसएचओ राजीव रंजन के नेतृत्व में टीम बनाई गई। एसीपी सार्थक त्यागी इस टीम का मार्गदर्शन कर रहे थे। टीम में एसआई जगदीप संधु, एएसआई विनोद भी शामिल थे। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और से तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से दो लूटी गई वैगनआर कारें, चोरी का एक मोबाइल, फिरौती के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल और एक चाकू भी बरामद कर लिया। आ
दो कार लूट चुके थे आरोपी
पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्होंने 16 अप्रैल को भी इसी तरीके से एक और कार लूटी थी। उस मामले में भी एक चोरी का मोबाइल बरामद हुआ है। ये युवक ऑनलाइन कैब बुकिंग ऐप से कार बुक करते थे। फिर रास्ते में बहाना बनाकर ड्राइवर को बाहर निकालते, मारते-पीटते और कार छीन लेते थे। ये कार लूटकर चालक से पैसे ऐंठना चाहते थे और बाद में कार को स्क्रैप में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी से दो मामले सुलझ गए हैं। आगे की जांच जारी है।




