Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
आदर्श नगर इलाके में हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को अशोक विहार थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र के बी ब्लॉक के ऋतिक कुमार व भलस्वा के राजीव नगर के कुणाल के रूप में हुई है। उनके पास से कट्टा व कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी को हथियार के साथ पकड़ा था और केस भी दर्ज कर लिया था। बाद में पता चला कि आरोपी हत्या के मामले में शामिल रहा है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार को अशोक विहार थाना पुलिस को जानकारी मिली कि वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र के बी ब्लॉक के राजा पार्क इलाके में एक युवक अवैध हथियार लेकर बैठा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ।
अशोक विहार थाना पुलिस ने केस दर्ज कर ऋतिक को गिरफ्तार कर लिया। यहां तक पुलिस को पता नहीं था कि आरोपी हत्या के मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने जब उससे पूछा कि उसने किस-किस वारदात को अंजाम दिया है तो पहले उसने कुछ नहीं बताया। जब पुलिस ने ऋतिक से पूछताछ की तो पता चला कि ऋतिक आदर्श नगर इलाके में हत्या के मामले में भी शामिल था।
उसने बताया कि उसका एक साथी भी हत्या के मामले में शामिल था। इसके बाद पुलिस ने ऋतिक की निशानदेही पर कुणाल को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी इस हथियार को कहां से लेकर आए थे। हत्या की असली वजह क्या थी, किस बात को लेकर विवाद हुआ था, इसकी भी जांच चल रही है।




