Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के सेक्टर 54 में एक लिव इन में रह रहे युवक की हत्या कर शव को लोहे के बक्से (संदूक) में बंद कर छिपा दिया गया। बाद में युवक के भाई को कॉल कर इसकी जानकारी दी गई। युवक की पहचान बिहार के सहरसा के अमन के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

24 साल के डिलीवरी बॉय की निर्मम हत्या कर दी गई। हत्यारों ने उसके शव को लोहे के बक्से में बंद करके झुग्गी में छिपा दिया। शव तीन-चार दिन पुराना था, जिसे रविवार रात सेक्टर 53 थाना पुलिस ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान बिहार के सहरसा जिले के मुरली बसंतपुर गांव के रहने वाले अमन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अमन गुड़गांव में डिलीवरी का काम करता था और एक युवती के साथ सेक्टर 54 में लिव इन रिलेशन में रहता था। चकरपुर में रहने वाले अमन के बड़े भाई उमाशंकर ने सेक्टर 53 थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रविवार शाम करीब 6 बजे अमन की लिव इन पार्टनर की एक दोस्त ने फोन कर बताया कि उसके एक दोस्त ने अमन की हत्या कर दी है। उसके शव को लोहे के बक्से में बंद करके रख दिया है। उमाशंकर मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस ने बॉक्स खोलकर अमन का शव को बाहर निकाला। शव पर धारदार हथियार से कई घाव के निशान मिले। पुलिस के मुताबिक हत्या तीन-चार दिन पहले हुई थी। मामले में अमन की लिव इन पार्टनर युवती और उसके दोस्त पर हत्या का आरोप लगा। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। सेक्टर 53 थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आगे की जांच शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान बिहार के सहरसा के मोहम्मद मिराज और बिहार के मुजफ्फरपुर के सोनू के रूप में हुई है। फिलहाल हत्या क्यों की गई इसकी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




