Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के द्वारका जिले में एक महिला ने डीटीसी बस में अपना फोन चोरी होते देख लिया। चोर बस से उतरकर भागने लगा तो महिला अपनी 8 साल की बेटी के साथ चोर के पीछे दौड़ पड़ी और पुलिस को देखकर मदद के लिए चीखने लगी। महिला की आवाज सुनकर रामा पार्क पिकेट पर तैनात पुलिस कर्मियों ने चोर का पीछा किया और पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उससे मोबाइल बरामद कर लिया गया। आरोपी की पहचान मोहन गार्डन के योगेंद्र शर्मा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, साक्षी नामक महिला अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने बस में सवार होकर नवादा जा रही थीं। बस में एक अजनबी ने उनका फोन चुरा लिया। साथ में बेटी होने की वजह से वह उस समय तो कुछ नहीं बोली, लेकिन उन्हें पता था कि बस स्टैंड के पास पुलिस कर्मी खड़े रहते हैं। इसलिए साक्षी ने तुरंत बस से उतरकर चोर का पीछा शुरू कर दिया। नजफगढ़ उत्तम नगर रोड पर रामा पार्क पिकेट के पास जब वह पहुंची तो वह मदद के लिए चिल्लाने लगी। पिकेट पर चेकिंग के लिए तैनात एसआई रजत मलिक ने अपनी टीम के साथ चोर को दौड़कर पकड़ लिया। टीम में एएसआई देव कुमार राणा, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल कृष्ण वीर भी शामिल थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने मोहन गार्डन थाने में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।
कोर्ट ने भेजा जेल
आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे जमानत देने से इनकार कर दिया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने सुबह के समय भीड़भाड़ के इलाकों में पिकेट लगाने और चेकिंग कराने की व्यवस्था की है। इसी व्यवस्था का नतीजा है कि चोर पकड़ा जा सका। पीड़ित महिला ने पुलिस का आभार व्यक्त किया है।




