Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
शहर के सबसे महंगे और व्यस्त इलाके डीएलएफ साइबर सिटी की सड़कों पर युवाओं ने जमकर बवाल काटा। उन्होंने लग्जरी गाड़ियों की मदद से हुड़दंग मचा दिया। थार, फॉर्च्यूनर, हाईलक्स, जीप जैसी महंगी गाड़ियों का काफिला बीच सड़क पर खड़ा करके उन्होंने ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई। युवक गाड़ियों के ऊपर चढ़कर नाचते गाते, नारे लगाते नजर आए और मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। यह मामला बीते दिनों का बताया जा रहा है, लेकिन वीडियो इसकी अब वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में यह एनएसयूआई के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। हालांकि इस मामले में पुलिस के पास फिलहाल कोई शिकायत नहीं पहुंची है।

वायरल वीडियो और मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि एनएसयूआई कार्यकर्ता नियम कानून की परवाह किए बिना डीएलएफ एरिया की सड़कों पर हुड़दंग मचा रहे हैं। गाड़ियों पर छात्र नेता हितेश गुलिया के बड़े-बड़े पोस्टर और बैनर लगे हुए थे। इन युवाओं के हुड़दंग की वजह से सड़क पर जाम लग गया। लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे। इस दौरान किसी ने भी सड़क जाम खुलवाने की जहमत नहीं उठाई। यातायात पुलिस कर्मी भी वीडियो में कहीं नजर नहीं आ रहे।
देश विदेश की कंपनियों के हैं दफ्तर
बता दें कि साइबर सिटी में देश विदेश की बड़ी-बड़ी कंपनियां अपना दफ्तर चलाती हैं। यहां रोज हजारों लोग आवागमन करते हैं। इस तरह से सड़कों को जाम कर हुड़दंग मचाने की वीडियो जब सामने आती हैं तो सवाल खड़े होते हैं कि क्या गुड़गांव में वीवीआईपी कल्चर इतना बढ़ गया है कि कोई भी सड़क रोककर अपना शक्ति प्रदर्शन कर सकता है। आम आदमी को छोटी-छोटी गलती पर चालान कटता है, लेकिन रसूखदारों के नाम पर सड़क बंधक बनाने पर कोई कार्रवाई नहीं होती। वीडियो वायरल होने के बाद भी अब तक पुलिस की ओर से कोई सख्त एक्शन नहीं लिया गया है। न तो गाड़ियों के नंबर देखकर चालान काटे गए और न ही सड़क जाम करने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में कोई केस दर्ज हुआ। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर सकती है।




