Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के द्वारका सेक्टर 24 के गोल्फ कोर्स के तालाब में गुरुवार सुबह तीन बच्चों की डूबकर मौत हो गई। ये बच्चे करीब 8 से 10 साल की उम्र के बताए जा रहे हैं। बच्चों के शवों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को तालाब से निकालकर अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार सुबह 7:07 बजे पुलिस को जानकारी मिली कि सेक्टर 24 गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन बच्चे डूब गए हैं। सूचना मिलते ही सेक्टर 23 द्वारका थाने के एसएचओ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तालाब के बाहर बच्चों के कपड़े पड़े हुए थे। इसके बाद दमकल विभाग को भी बुलाया गया। दमकल कर्मचारियों की मदद से तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बच्चों के कपड़े तालाब के बाहर पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि बच्चे नहाने के लिए तालाब में उतरे थे और अनजाने में डूब गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिनाख्त नहीं हो पाई है, उनकी पहचान चल रही है। पुलिस को अभी तक कोई लापता बच्चों की सूचना भी नहीं मिली है। तीनों बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्चे वहां अकेले कैसे पहुंचे और यह हादसा कैसे हुआ।




