Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह। बकरीद (ईद-उल-जुहा) को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर नूंह पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में मंगलवार को एसपी डॉ. अर्पित जैन ने लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस रूम में जिले के मुस्लिम धार्मिक गुरुओं के साथ बैठक की।

बैठक में आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश साझा किए गए। एसपी ने सभी धार्मिक गुरुओं को बकरीद की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए समाज में भाईचारा और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
एसपी डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि बकरीद त्याग, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने धार्मिक गुरुओं से अपील की कि वे ईदगाहों और मस्जिदों में लोगों को कानून का पालन करने, सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और शांति बनाए रखने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक जानकारी से बचने की भी अपील की गई।
बैठक में पशु कुर्बानी को लेकर प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने साफ कहा कि कुर्बानी केवल तय नियमों और निर्धारित स्थानों पर ही की जाए। सरकार की ओर से प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
एसपी ने कहा कि कुछ लोगों की गलत गतिविधियों से पूरे मेवात क्षेत्र की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने गौतस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में समाज से सहयोग मांगा।
बैठक के दौरान साइबर अपराध, नशा तस्करी, बाइक चोरी, शादी समारोहों में फिजूलखर्ची, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी और सनरूफ या गाड़ियों की छत पर खड़े होकर सफर करने जैसे खतरनाक ट्रेंड पर भी चिंता जताई गई।
उन्होंने कहा कि बकरीद के दौरान कई बार युवा बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग करते हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ जाता है। छोटी सी लापरवाही बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है, इसलिए परिवार और समाज दोनों को जागरूक रहने की जरूरत है।
बैठक में मौजूद धार्मिक गुरुओं ने पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने और बकरीद को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का भरोसा दिलाया।




