Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह: जिले में अवैध खनन के खिलाफ नूंह पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से अवैध पत्थर खनन में इस्तेमाल हो रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। बाद में माइनिंग विभाग की टीम ने दोनों वाहनों को सीज कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को एवीटी स्टाफ रोजका मेव की टीम अवैध माइनिंग की जांच कर रही थी। इसी दौरान थाना पिनगवां क्षेत्र के अरावली इलाके में गांव शाहचौखा के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध पत्थर खनन करते पकड़ी गई। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर पिनगवां थाना पहुंचाया और इंजन नंबर के आधार पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया। इसके बाद मामले की सूचना माइनिंग विभाग को दी गई, जहां विभाग ने वाहन को सीज करने की कार्रवाई की।
वहीं दूसरी कार्रवाई थाना सदर फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में हुई। गांव घाटा शमशाबाद के पास अरावली पहाड़ियों में एक और ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध पत्थर खनन में लगी मिली। पुलिस टीम ने मौके पर वाहन को कब्जे में लिया और थाने में खड़ा कराया। इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर चालान करने के बाद माइनिंग विभाग ने वाहन को अवैध खनन के मामले में सीज कर दिया।
जिला पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले में अवैध खनन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




