Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए 5 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू होने जा रहा है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और जरूरी दस्तावेज जुटाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि इस अभियान का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक वोटर लिस्ट से बाहर न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के पात्र होंगे। अभियान के पहले चरण में 5 से 14 जून तक BLO, ERO और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (BLA) को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके बाद BLO घर-घर जाकर मतदाताओं के फॉर्म भरवाएंगे, फोटो अपडेट करेंगे और आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे। नए मतदाता ऑनलाइन पोर्टल voters.eci.gov.in के जरिए भी आवेदन कर सकेंगे।
21 जुलाई को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
डीसी के अनुसार 21 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 21 जुलाई से 18 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। जिन लोगों का नाम सूची में नहीं होगा, उन्हें जरूरी दस्तावेजों के आधार पर अपना दावा प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा।
जन्म तिथि के अनुसार देने होंगे दस्तावेज
निर्वाचन आयोग ने दस्तावेज जमा करने के लिए जन्म तिथि के आधार पर अलग-अलग नियम तय किए हैं।
– 1 जुलाई 1987 से पहले जन्मे लोगों को अपना एक मान्य दस्तावेज देना होगा।
– 1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे लोगों को अपना और माता या पिता में से किसी एक का दस्तावेज देना होगा।
– 2 दिसंबर 2004 के बाद जन्मे आवेदकों को अपना और माता-पिता दोनों के दस्तावेज जमा करने होंगे।
तीन बार घर-घर संपर्क करेंगे BLO
डीसी ने बताया कि हर मतदाता तक पहुंचने के लिए BLO कम से कम तीन बार घर-घर संपर्क करेंगे। राजनीतिक दलों के BLA भी मतदाताओं की मदद करेंगे ताकि फॉर्म भरने और दस्तावेज जमा करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
गुरुग्राम में 15.55 लाख से ज्यादा मतदाता
वर्तमान में गुरुग्राम जिले में 15 लाख 55 हजार 39 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से करीब 35 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है। जिले की चारों विधानसभा सीटों के लिए 251 नए मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। खासतौर पर ग्रुप हाउसिंग और हाईराइज सोसायटियों में नए बूथ बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
डीसी उत्तम सिंह ने लोगों से अपील की है कि जब BLO सत्यापन के लिए घर आएं तो पूरा सहयोग करें और ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद अपने नाम, पता और अन्य विवरण जरूर जांच लें




