Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। शहर में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए HSVP की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सेक्टर-29 में बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई Estate Officer-2 कार्यालय की ओर से SDO अमित वशिष्ठ के नेतृत्व में गठित सर्वे टीम द्वारा की गई।

अभियान के दौरान टीम ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से लगाए गए कई खोखों, अस्थायी दुकानों और अन्य अतिक्रमणों को हटाया। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों और विभागीय भूमि पर रखे गए बिल्डिंग मटेरियल को भी हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों ने लोगों को नियमों का पालन करने और सरकारी जमीन पर कब्जा न करने की हिदायत दी।
जानकारी के अनुसार, विभाग पिछले कई दिनों से सेक्टर-29 क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति पर नजर बनाए हुए था। क्षेत्र का लगातार सर्वे किया जा रहा था और कई स्थानों की पहचान भी की गई थी, जहां सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था। इसी के आधार पर यह अभियान चलाया गया।
SDO अमित वशिष्ठ ने बताया कि यह कार्रवाई Estate Officer डॉ. अनुपमा मलिक के निर्देशों के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि HSVP की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग की संपत्तियों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए आगे भी नियमित रूप से अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग बार-बार सरकारी जमीन पर कब्जा करने या अस्थायी ढांचे खड़े करने की कोशिश करते हैं, लेकिन ऐसे मामलों में विभाग सख्त रुख अपनाएगा। यदि कहीं भी अवैध अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने अतिक्रमण करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कार्रवाई जारी रहेगी। HSVP का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों और विभागीय भूमि को सुरक्षित रखना तथा शहर में बेहतर व्यवस्था बनाए रखना है।




