Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम पुलिस ने OLX के जरिए फ्लैटमेट बनने का झांसा देकर लोगों को निशाना बनाने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पहले फर्जी नाम और पहचान के सहारे लोगों से संपर्क करता था, उनका भरोसा जीतता था और फिर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-65 थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने शिकायत दी थी कि उसने OLX पर फ्लैटमेट की तलाश संबंधी पोस्ट डाली थी। इसी दौरान खुद को विकास शर्मा बताने वाले एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और फ्लैट में रहने की इच्छा जताई।
21 मई की रात आरोपी सेक्टर-67A स्थित पिरामिड अर्बन होम्स सोसायटी में शिकायतकर्ता के फ्लैट पर रुका। रात के खाने में उसने नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे शिकायतकर्ता और उसका साथी बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी दोनों के लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकदी, एटीएम और क्रेडिट कार्ड समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने चोरी किए गए बैंक और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर करीब 5.80 लाख रुपये के ट्रांजैक्शन और निकासी भी कर डाली।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान 28 वर्षीय दीपक मौर्य उर्फ फर्जी विकास शर्मा निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से दोस्ती करता था। इसके बाद फ्लैटमेट या किरायेदार बनने के बहाने उनके साथ रहने पहुंचता और मौका मिलते ही नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी कर लेता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 लैपटॉप, 8 मोबाइल फोन, 14 एटीएम/क्रेडिट कार्ड, 2 कलाई घड़ियां, 15 सिम कार्ड, नशीली दवाइयां, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और बैंक खाते में मौजूद करीब 2.30 लाख रुपये की राशि बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गुजरात में भी इसी तरह की वारदात को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ गुजरात के वलसाड जिले के भिलाड थाना क्षेत्र में चोरी और धोखाधड़ी का मामला पहले से दर्ज है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने देश के अन्य राज्यों में भी ऐसी कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।




