Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, महिला समेत 5 गिरफ्तार
गुरुग्राम। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का गुरुग्राम साइबर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली से एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब पांच महीने से साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे और पुलिस से बचने के लिए हर 10 से 15 दिन में अपना ठिकाना बदल लेते थे।

पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध दक्षिण में शिकायत दी थी कि उसे क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके क्रेडिट कार्ड से करीब 28 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान साइबर पुलिस की टीम ने 5 जून को दिल्ली में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल, अनुजपाल, गौरव, मुकुल किरार और आँचल शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक मुख्य आरोपी के इशारे पर काम करते थे। उन्हें कॉल करने के लिए लोगों का डाटा उपलब्ध कराया जाता था। इसके बाद वे खुद को बैंक या क्रेडिट कार्ड कंपनी का प्रतिनिधि बताकर लोगों को कॉल करते और क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का लालच देते थे।
आरोपी पीड़ितों को एक फर्जी लिंक भेजते थे। लिंक के जरिए कार्ड की जानकारी हासिल करने के बाद उससे ऑनलाइन सामान खरीदा जाता था। खरीदा गया सामान मुख्य आरोपी को सौंप दिया जाता था या फिर आरोपी खुद उसे बेचकर पैसे कमा लेते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह जनवरी 2026 से सक्रिय था। आरोपी लगातार ठगी करने के बजाय कुछ दिनों तक वारदात को अंजाम देते और फिर दो-तीन दिन के लिए पूरा काम बंद कर देते थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। इसके अलावा वे अपना ठिकाना भी लगातार बदलते रहते थे।
फिलहाल पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर मुख्य सरगना और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।




