Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
78 लाख की डिजिटल अरेस्ट ठगी में बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम में 78 लाख रुपये की डिजिटल अरेस्ट ठगी के मामले में साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने के नेटवर्क से जुड़े हुए थे।

पुलिस के अनुसार, नवंबर 2025 में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाले ठगों ने उसे डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 78 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के आधार पर थाना साइबर अपराध दक्षिण, गुरुग्राम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने बिहार के भागलपुर निवासी मोहम्मद सैफ अली और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी सौरभ कुमार को गिरफ्तार किया। सैफ अली को 3 जून को भागलपुर से जबकि सौरभ कुमार को 5 जून को गाजियाबाद से पकड़ा गया। सैफ अली को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि ठगी की रकम में से 24 लाख रुपये सैफ अली के बैंक खाते में आए थे। पुलिस के मुताबिक सैफ अली ने अपना बैंक खाता 70 हजार रुपये में सौरभ कुमार को बेच दिया था। इसके बाद सौरभ ने वही खाता एक अन्य व्यक्ति को 2.20 लाख रुपये में उपलब्ध कराया।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि सैफ अली के इसी बैंक खाते का इस्तेमाल पहले भी साइबर ठगी में किया जा चुका है और उससे जुड़े 52 शिकायतें पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




