Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह। शादी समारोह के दौरान थार गाड़ियों की छत पर चढ़कर हुड़दंग करना कुछ युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर नगीना थाना पुलिस ने दूल्हे समेत चार वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, 7 जून को गश्त के दौरान गांव मांडीखेड़ा में तैनात उप-निरीक्षक यशपाल को एक वीडियो क्लिप मिली। वीडियो की जांच में सामने आया कि गांव नाई नंगला निवासी आकिब की बारात गांव चंदेनी जा रही थी। इस दौरान कई युवक थार गाड़ियों की छतों पर खड़े और बैठे नजर आए, जबकि वाहन सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे थे।
वीडियो में दिखाई दे रही गाड़ियों के नंबरों की पहचान के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। आरोप है कि वाहन चालक युवकों को छतों पर बैठाकर और खड़ा करके वाहन चला रहे थे, जिससे उनकी और अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
सूचना मिलने पर पुलिस गांव नाई नंगला पहुंची, लेकिन तब तक बारात रवाना हो चुकी थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि दूल्हे ने कथित तौर पर कहा था कि थार की छतों पर चढ़कर ही जाना है क्योंकि निकाह बार-बार नहीं होता।
जांच में प्रथम दृष्टया नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर दूल्हे आकिब और संबंधित चार वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि बारात के दौरान किए गए इस स्टंट और हुड़दंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
गौरतलब है कि हाल ही में तावडू क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी। लगातार दूसरी बार हुई इस कार्रवाई से नूंह पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि शादी या किसी भी आयोजन में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और खतरनाक स्टंट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।




