Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
93 चालान और 2.29 लाख रुपये का जुर्माना, गुरुग्राम में बाइक इंपाउंड
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के विशेष अभियान के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी को चौंका दिया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रोका तो पता चला कि उस पर कुल 93 चालान लंबित हैं और जुर्माने की राशि 2 लाख 29 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है।

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-4/7 चौक पर चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस टीम ने बाइक को रुकवाकर जांच की। रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि वाहन पर अलग-अलग ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के 93 चालान बकाया हैं। इनमें सबसे ज्यादा चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने और जेब्रा क्रॉसिंग के नियमों का उल्लंघन करने से जुड़े थे।
पुलिस ने जब चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज मांगे तो वह उन्हें भी पेश नहीं कर सका। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने बाइक को तुरंत इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि शहर में लंबे समय से लंबित चालानों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे वाहन चालक जो 90 दिनों से अधिक समय तक चालान का भुगतान नहीं करते, उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, समय पर चालानों का भुगतान करें और अपने वाहनों पर HSRP नंबर प्लेट जरूर लगवाएं, ताकि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की पहचान में आसानी हो सके।




