Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सरस्वती कुंज, सेक्टर-53 में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। मंगलवार को पुलिस थाना सेक्टर-53 की टीम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बड़े स्तर पर डिमोलिशन ड्राइव चलाया गया। इस दौरान इलाके में बनी सैकड़ों झुग्गियों और अवैध कब्जों को हटाया गया।

अधिकारियों के मुताबिक करीब 4.25 एकड़ जमीन पर फैले अवैध कब्जों को खाली करवाया गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 650 से 670 झुग्गियों को पूरी तरह हटाया गया, जबकि 42 से ज्यादा प्लॉट भी कब्जामुक्त करवाए गए। सुबह से ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
डिमोलिशन ड्राइव के दौरान जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से अवैध निर्माण हटाए गए। प्रशासन की टीम ने पूरे इलाके को घेरकर कार्रवाई की ताकि किसी तरह की बाधा या विरोध की स्थिति पैदा न हो। कार्रवाई के चलते इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही।
बताया जा रहा है कि सरस्वती कुंज इलाके में लंबे समय से अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्रशासन ने यह अभियान शुरू किया। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन और प्लॉटों पर किए गए कब्जों को हटाने का अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
प्रशासन की तरफ से साफ किया गया है कि अवैध कब्जों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की मदद भी ली जाएगी।
