Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह। जिले में साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना नूंह पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ऑनलाइन लैपटॉप बेचने का झांसा देकर लोगों से पैसे ठगने का आरोप है।

पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बदरपुर निवासी जाबिद पुत्र वहीद साइबर धोखाधड़ी की गतिविधियों में शामिल है और आकेड़ा बस स्टैंड के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें दो सिम कार्ड लगे हुए थे। मोबाइल की जांच में संदिग्ध व्हाट्सएप और व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट, लैपटॉप से जुड़ी तस्वीरें, क्यूआर कोड और कई संदिग्ध चैट्स मिलीं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल नंबर के खिलाफ राजस्थान, महाराष्ट्र और गुजरात से ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। आरोप है कि वह ऑनलाइन लैपटॉप बेचने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठता था।पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी बरामद मोबाइल, सिम कार्ड और डिजिटल सामग्री के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद साइबर थाना नूंह में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क, बैंक खातों और अन्य संभावित साथियों की भी जांच कर रही है।




