Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में अपराध जांच शाखा (CIA) और कथित पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। यह घटना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई, जहां पुलिस ने पीछा करने के बाद एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोक लिया।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने पर टीम ने कार्रवाई शुरू की थी। इस दौरान संदिग्ध वाहन में सवार आरोपियों ने पुलिस से बचने की कोशिश की। पीछा करने के दौरान दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया है। वहीं पिकअप वाहन की तलाशी के दौरान रस्सियों से बंधे पांच ऊंट भी बरामद किए गए।
घायल आरोपियों को इलाज के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




