Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
मानेसर में जनगणना कार्य में लापरवाही, 11 लोगों पर FIR दर्ज
मानेसर नगर निगम में जनगणना के काम में लापरवाही बरतने वाले 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने अधिकारियों के साथ हुई बैठक में साफ कहा कि जनगणना का काम पूरी गंभीरता और तेजी से पूरा किया जाए। किसी भी तरह की कोताही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आयुक्त प्रदीप सिंह ने कहा कि जनगणना का डेटा सरकार की भविष्य की योजनाओं और आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं के लिए बेहद अहम होता है। ऐसे में सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी समय पर पूरी करें।
बैठक में आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मानेसर क्षेत्र में जनगणना का काम उम्मीद के मुताबिक नहीं चल रहा है। पर्याप्त संसाधन और स्टाफ होने के बावजूद काम की रफ्तार धीमी है। उन्होंने संयुक्त आयुक्त, डिप्टी निगम आयुक्त, एक्सईएन और एसडीओ स्तर के अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
साथ ही जिन एन्यूमरेटर ने ऐप पर डेटा अपलोड नहीं किया है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा गया। आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि अगर CSC सेंटर संचालक या स्कूल प्रतिनिधि जनगणना कार्य में सहयोग नहीं कर रहे हैं तो उनके खिलाफ संबंधित शिक्षा बोर्ड को लिखकर कार्रवाई करवाई जाए।
आयुक्त के आदेश के बाद मंगलवार को 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। इनमें से 8 FIR मानेसर थाना और 3 FIR खेड़की दौला थाना में दर्ज हुई हैं।
बैठक में संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, लोकेश यादव, डिप्टी निगम आयुक्त अपूर्व चौधरी, एक्सईएन मंदीप धनखड़ समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
