Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में महिला यात्री के साथ अश्लील हरकत और अभद्र व्यवहार करने वाले एक कैब चालक को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को भोंडसी इलाके से पकड़ा गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, 21 मई 2026 को एक महिला ने थाना सदर गुरुग्राम में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि वह सुबह अपने ऑफिस जाने के लिए रैपिडो प्लेटफॉर्म के जरिए कैब बुक कर अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। आरोप है कि सफर के दौरान चालक ने उसके साथ अश्लील हरकत की और अभद्र इशारे करने लगा।
महिला ने विरोध किया और गाड़ी रुकवाई। इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। शिकायत मिलते ही सदर थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गुरुग्राम पुलिस की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को भोंडसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 23 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बनिहारी गांव का रहने वाला बताया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी रैपिडो प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी कार से सवारी ढोने का काम करता था। पुलिस के अनुसार, महिला को पिकअप करने के कुछ समय बाद ही आरोपी ने कथित तौर पर अश्लील हरकत की थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिलाओं के खिलाफ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या नजदीकी थाने में दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
