Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में पुलिस नाके पर दर्दनाक हादसा, होमगार्ड जवान की मौत; ट्रक चालक गिरफ्तार
गुरुग्राम के सेक्टर-65 में वर्ल्डमार्क मॉल के सामने लगाए गए पुलिस नाके पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान को टक्कर मार दी। हादसे में जवान की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 2 जून 2026 की देर रात की है। सेक्टर-65 थाना पुलिस की टीम वर्ल्डमार्क मॉल के सामने नाका लगाकर जांच कर रही थी। इसी दौरान सीमेंट मसाला मिक्सचर ट्रक चला रहा चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए नाके तक पहुंचा और बैरिकेड्स तोड़ दिए।
ट्रक की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मौके पर खड़ी एक मारुति ब्रेजा कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल जवान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम सीन टीम मौके पर पहुंची। फिंगरप्रिंट टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
शिकायत के आधार पर सेक्टर-65 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान अपराध शाखा सोहना की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 13 जून को आरोपी को पकड़ने के दौरान उसने भागने की कोशिश की, जिससे उसके पैर में चोट लग गई। इसके बाद उसे सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उपचार पूरा होने के बाद पुलिस ने 15 जून को आरोपी चालक मंटू कुमार यादव (34) को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के भोंडसी इलाके में रह रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना के समय वह लापरवाही से ट्रक चला रहा था, जिसके कारण बैरिकेड्स, होमगार्ड जवान और एक कार को टक्कर लग गई।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।




