Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में सोशल मीडिया पर वायरल हुए कार स्टंट के वीडियो पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला मानेसर के सेक्टर-1 मार्केट का है, जहां एक युवक सफेद रंग की स्विफ्ट कार से खतरनाक तरीके से स्टंट करता नजर आया था।

पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो 17 जून का है। वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने स्वत: सं
ज्ञान लेते हुए थाना मानेसर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने 19 जून को आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय घनश्याम के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के पलड़ा गांव का रहने वाला है और ड्राइवर का काम करता है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने स्विफ्ट कार से स्टंट कर वीडियो बनाया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि सड़क पर स्टंटबाजी, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। मामले में आगे की जांच जारी है।




