Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
सेक्टर-5 में HSVP की बड़ी कार्रवाई, 7 एकड़ सरकारी जमीन कराई कब्जामुक्त
गुरुग्राम के सेक्टर-5 स्थित चिंतपूर्णी मंदिर के पीछे शुक्रवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 7 एकड़ सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।

HSVP के शहरी संपदा अधिकारी-1 राकेश सैनी के निर्देश पर इंफोर्समेंट टीम ने कार्रवाई की। सर्वे एसडीओ गौरव यादव ने बताया कि अभियान से पहले दो दिन पहले इलाके में मुनादी कर लोगों को जमीन खाली करने की चेतावनी दी गई थी।
कार्रवाई के दौरान सेक्टर-5 थाना पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों के अनुसार सरकारी जमीन पर करीब 15 फूलों की दुकानें, 80 झुग्गी-झोपड़ियां, एक नर्सरी, दो पक्के कमरे, टीन शेड वाला गोदाम, आइसक्रीम रेहड़ियों का गोदाम और दो पशु डेरी बनाकर अवैध कब्जा किया गया था।
दो जेसीबी मशीनों की मदद से सभी अवैध निर्माणों को हटाया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने समय की मांग की और हल्की बहस भी हुई, लेकिन पुलिस की सहायता से स्थिति को नियंत्रित कर कार्रवाई पूरी की गई।
जेई आनंद प्रकाश ने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, संजीव यादव बामडोली ने चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जाएगी।
अभियान के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं उपमंडल अभियंता रामपाल यादव मौजूद रहे। इस मौके पर जेई ललित हंस, संजीव यादव, बलविंदर, वीरेंद्र तहलान, धर्मेंद्र शर्मा और सर्वे टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।




