Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
NEET UG 2026 री-एग्जाम के लिए गुरुग्राम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 18 केंद्रों पर 6,804 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
गुरुग्राम में 21 जून को होने वाली NEET (UG) 2026 री-एग्जाम को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर कुल 6,804 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने 380 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई है। इनमें 200 पुलिसकर्मी परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था संभालेंगे, जबकि 180 पुलिसकर्मी ट्रैफिक प्रबंधन की जिम्मेदारी निभाएंगे।
अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और जाम की स्थिति से बचने के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी।
पुलिस के अनुसार, हर परीक्षा केंद्र पर एक पुलिस राइडर लगातार पेट्रोलिंग करेगा। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने और अभ्यर्थियों की मदद के लिए प्रमुख चौकों और महत्वपूर्ण स्थानों पर ERV वाहन भी तैनात रहेंगे।
गुरुग्राम पुलिस ने अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे परीक्षा शुरू होने से काफी पहले केंद्र पर पहुंचें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।




