Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 22 जून। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने NH-48 पर विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक ऐसी बाइक पकड़ी, जिस पर 107 चालान लंबित मिले। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 2.36 लाख रुपये थी। नियमों का लगातार उल्लंघन करने पर पुलिस ने बाइक को इंपाउंड कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, ट्रैफिक इंस्पेक्टर महाबीर सिंह की टीम NH-48 पर लेन ड्राइविंग सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक नंबर HR-36 AR-8308 को जांच के लिए रोका गया।
जांच में सामने आया कि बाइक पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) नहीं लगी थी और चालक बिना हेल्मेट के वाहन चला रहा था। जब पुलिस ने वाहन का रिकॉर्ड खंगाला, तो पता चला कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत इस बाइक पर 107 चालान लंबित हैं, जिनकी कुल जुर्माना राशि लगभग 2,36,000 रुपये है।
पुलिस ने चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाइक को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, हेल्मेट पहनकर वाहन चलाएं, HSRP नंबर प्लेट लगवाएं और लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन सिर्फ जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क पर सभी की सुरक्षा के लिए जरूरी है।




