Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार, आरोपियों पर पहले से 69 केस
गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस ने घरों और दुकानों में ताले व शटर तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह पहले इलाके की रेकी करता था और फिर रात के समय वारदात को अंजाम देता था। गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से चोरी, लूट, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 69 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, 25 जून को फरुखनगर थाना क्षेत्र के वजीरपुर रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर संचालक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 और 25 जून की रात बदमाश दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुस गए और गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान अपराध शाखा फरुखनगर की टीम ने 28 जून को गांव खेड़ा झाझरौला से सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं और चोरी करने से पहले मकानों व दुकानों की रेकी करते थे। जब उन्हें यकीन हो जाता था कि जगह खाली है, तब रात के समय ताले या शटर तोड़कर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लेते थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गुरुग्राम में पांच और दिल्ली में एक अन्य चोरी की वारदात कबूल की है। इन मामलों में बरामदगी और आगे की जांच जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरोह के कुछ सदस्यों पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें एक आरोपी पर 45, दूसरे पर 15, तीसरे पर 7 और एक अन्य पर 2 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन सभी मामलों को मिलाकर आरोपियों के खिलाफ कुल 69 केस दर्ज पाए गए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। चोरी की रकम और अन्य सामान बरामद करने के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।




