Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
हरियाणा पुलिस में बड़ा फेरबदल, 30 इंस्पेक्टरों के तबादले, गुरुग्राम से सबसे ज्यादा अधिकारी बदले
हरियाणा पुलिस में सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। पुलिस मुख्यालय, चंडीगढ़ की ओर से जारी आदेश के तहत प्रदेश के 30 पुलिस इंस्पेक्टरों का तबादला कर दिया गया। इस ट्रांसफर लिस्ट में सबसे ज्यादा असर गुरुग्राम कमिश्नरेट पर देखने को मिला, जहां से एक साथ 8 इंस्पेक्टरों को अलग-अलग जिलों और यूनिटों में भेजा गया है।

जारी आदेश के मुताबिक गुरुग्राम में तैनात सुरेंद्र सिंह, नवीन कुमार, संदीप कुमार, वीरेंद्र खत्री, सुनील कुमार, अजयबीर सिंह, सुरेंद्र सिंह (दूसरे बैच) और राम किशन का तबादला कर दिया गया है। इन अधिकारियों को यमुनानगर, हिसार, पंचकूला, जींद, करनाल, नूंह, कैथल और रोहतक में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं दूसरे जिलों से भी कई इंस्पेक्टरों को नई पोस्टिंग दी गई है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, रोहतक, चरखी दादरी, पंचकूला और अन्य जिलों में भी अधिकारियों की अदला-बदली की गई है। कुछ अधिकारियों को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB), स्टेट क्राइम ब्रांच (SCB) और पुलिस मुख्यालय (PHQ) जैसी विशेष यूनिटों में भी भेजा गया है।
पुलिस मुख्यालय के आदेश में साफ कहा गया है कि सभी संबंधित अधिकारी तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किए जाएं ताकि वे बिना देरी अपनी नई पोस्टिंग पर जॉइन कर सकें। अगर किसी अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच लंबित है तो उसका जल्द निपटारा कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस विभाग के मुताबिक यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। लंबे समय से एक ही जिले या यूनिट में तैनात अधिकारियों को बदलकर नई जगह जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि इस बदलाव से पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निपटारे में भी तेजी आएगी।




