Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula\
गुरुग्राम में स्टंट और रोड रेज करने वालों पर सख्ती, पुलिस ने बनाई 2 स्पेशल टीमें
गुरुग्राम | 1 जुलाई 2026
गुरुग्राम की सड़कों पर स्टंट करने, रोड रेज, ओवरस्पीडिंग और सोशल मीडिया रील बनाने के लिए ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की अब खैर नहीं। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई के लिए गुरुग्राम पुलिस ने दो स्पेशल ट्रैफिक एनफोर्समेंट टास्क फोर्स का गठन किया है।

पुलिस के मुताबिक ये दोनों टीमें पुलिस उपायुक्त (यातायात) की निगरानी में काम करेंगी। इनका मुख्य काम सड़क पर स्टंट करने, खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने, रोड रेज, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, मॉडिफाइड वाहनों से हुड़दंग मचाने और सोशल मीडिया पर रील या वीडियो बनाने के लिए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करना होगा।
इसके अलावा ये टीमें सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो और पोस्ट पर भी लगातार नजर रखेंगी, जिनमें ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन दिखाई देता है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर स्टंटबाजी, रश ड्राइविंग, रोड रेज या सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी।




