Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। MG रोड पर चलती बोलेरो के बोनट पर बैठकर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। यह स्टंट व्यस्त सड़क पर किया गया था, जहां उस समय कई वाहन और पैदल राहगीर भी मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकत से लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और DLF सेक्टर-29 थाना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद MG रोड पुलिस चौकी की टीम ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिकेत (24), आकाश (26) और वेदप्रकाश (19) के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के खटीकान बास मोहल्ला के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज के लिए सड़क पर स्टंट करने से बचें। ऐसे मामलों पर पुलिस लगातार नजर रख रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




