Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स के नाम पर ठगी, गुरुग्राम पुलिस ने 6 साइबर ठगों को किया गिरफ्तार
गुरुग्राम साइबर पुलिस ने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स एडजस्ट कराने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, 3 Motorola वॉकी-टॉकी सेट, ठगी में इस्तेमाल होने वाली स्क्रिप्ट और क्रेडिट कार्ड ग्राहकों की जानकारी से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 5 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने साइबर क्राइम थाना वेस्ट, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे खुद को Axis Bank का कर्मचारी बताने वाले एक व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स को बकाया बिल में एडजस्ट कर दिया जाएगा, जिससे उसे छूट मिलेगी। भरोसा करने पर पीड़ित से ₹83,305 की साइबर ठगी कर ली गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 28 जून को दिल्ली के संगम विहार से फारमान और सत्य प्रकाश को गिरफ्तार किया। इसके बाद 30 जून को गोविंदपुरी इलाके से नरेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, विनोद और आसिफ को भी दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया कि सत्य प्रकाश एक POS एजेंट के तौर पर SIM कार्ड जारी करने का काम करता था। फारमान ने अपने नाम पर SIM कार्ड लेकर उसे सत्य प्रकाश को कमीशन के बदले दे दिया। इसके बाद यह SIM कार्ड बाकी आरोपियों तक पहुंचाया गया। आरोपी इसी नंबर का इस्तेमाल कर खुद को बैंक कर्मचारी बताकर लोगों को कॉल करते थे और रिवॉर्ड पॉइंट्स एडजस्ट कराने का झांसा देकर ठगी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, 3 Motorola वॉकी-टॉकी सेट, Axis Bank के नाम पर तैयार की गई कॉल स्क्रिप्ट और क्रेडिट कार्ड ग्राहकों की जानकारी वाले दस्तावेज बरामद किए हैं।
फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने देश के अन्य राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। मामले की जांच जारी है।




