Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 29 सितंबर 2026। द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की थी। वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की Thar Roxx को पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है।

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक काले रंग की Thar Roxx को तेज रफ्तार में चलाते हुए बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारते देखा गया था। वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
इस संबंध में 27 सितंबर को थाना सेक्टर-10A में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने वायरल वीडियो की मदद से पहले Thar Roxx और उसके चालक की पहचान की। इसके बाद सेक्टर-93 स्थित एक सर्विस स्टेशन से हादसे में इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद कर उसे पुलिस कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस ने हादसे में शामिल मोटरसाइकिल चालक राजेश कुमार और बाइक पर पीछे बैठे दीनेश के बयान भी दर्ज किए। दोनों के बयान जांच का हिस्सा बनाए गए हैं।
जांच आगे बढ़ने के बाद पुलिस टीम ने 29 सितंबर को आरोपी चालक को गुरुग्राम से काबू कर लिया। आरोपी की पहचान मनमीत निवासी मुंडहाल खुर्द, जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को मामले की जांच में शामिल किया गया है और उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




