Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
पुलिस नाके पर बहस का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालने वाला आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 30 सितंबर 2026। गुरुग्राम-सोहना हाईवे पर घामडोज टोल टैक्स के पास पुलिस नाके पर चेकिंग के दौरान पुलिस कर्मचारियों से बहस करने और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वीडियो को सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा व्यूज और फॉलोअर्स हासिल करने के साथ-साथ ऑनलाइन कमाई के इरादे से पोस्ट किया था।

पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर की रात करीब 1 बजे घामडोज टोल टैक्स के पास पुलिस की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर तीन युवक बिना हेलमेट के वहां पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बाइक को रुकवाकर चालक से ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के जरूरी दस्तावेज दिखाने को कहा।
इसी दौरान एक अन्य युवक अपनी मोटरसाइकिल कुछ दूरी पर खड़ी करके मौके पर पहुंच गया। पुलिस का आरोप है कि युवक ने वहां मौजूद कर्मचारियों से बहस शुरू कर दी और उनकी वीडियो बनाने लगा। पुलिस के मुताबिक उसने ड्यूटी में बाधा डालने की कोशिश भी की।
इसके बाद युवक ने पुलिस कर्मचारियों के साथ हुई बहस का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। पुलिस का कहना है कि वीडियो के साथ पुलिसकर्मियों पर भ्रामक आरोप लगाए गए, जिसके बाद मामले की शिकायत मिलने पर भौंडसी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
कन्नौज का रहने वाला है आरोपी: जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान अमन निवासी कन्नौज, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी बेगमपुर खटोला, गुरुग्राम के रूप में की। पुलिस टीम ने उसे 26 सितंबर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया और पूछताछ के बाद मामले की जांच में शामिल किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पुलिस कर्मचारियों से हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर इसलिए पोस्ट किया था, ताकि उसके फॉलोअर्स बढ़ें और वीडियो को ज्यादा से ज्यादा व्यूज मिलें। पुलिस के मुताबिक आरोपी का मकसद सोशल मीडिया के जरिए पैसे कमाना भी था।
पुलिस के अनुसार, जब आरोपी को अपने खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी मिली तो उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से विवादित वीडियो हटा दिया।
वीडियो शेयर करने वालों पर भी नजर: पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो को किन-किन सोशल मीडिया अकाउंट्स से आगे शेयर किया गया। पुलिस ऐसे अकाउंट्स की पहचान कर रही है, जिन्होंने वीडियो की सच्चाई की पुष्टि किए बिना उसे पोस्ट या शेयर किया।
पुलिस का कहना है कि जांच में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है




