Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: न्यू कॉलोनी चौक स्थित प्रसिद्ध सुदर्शन माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात का गुरुग्राम पुलिस ने महज छह घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में मंदिर के पूर्व सुरक्षाकर्मी को रोहतक से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए करीब 4.786 किलो चांदी के आभूषण और 34 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है।
चोरी की घटना का पता बुधवार सुबह करीब 5 बजे चला। मंदिर के पुजारी ने मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों को चोरी की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कमेटी के लोग मौके पर पहुंचे। जांच करने पर पता चला कि मंदिर से हनुमान जी का छत्र, माता रानी के कुंडल, मुकुट का चक्र समेत चांदी के कई अन्य आभूषण और दानपात्र गायब थे।

इसके बाद मंदिर कमेटी की शिकायत पर थाना शहर गुरुग्राम में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए मंदिर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस: पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के दौरान आरोपी की पहचान रोहताश (53) के रूप में हुई, जो रोहतक जिले के गांव चुलियाना का रहने वाला है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रोहतक में उसके पैतृक गांव पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी की गई पूरी संपत्ति बरामद कर ली। बरामद सामान में करीब 4 किलो 786 ग्राम चांदी के आभूषण और 34 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
12 साल मंदिर में कर चुका था सुरक्षाकर्मी की नौकरी: पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रोहताश करीब 12 साल तक इसी मंदिर में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम कर चुका था। करीब दो महीने पहले ही उसने मंदिर की नौकरी छोड़ी थी। पुलिस के अनुसार, मंदिर में लंबे समय तक काम करने की वजह से उसे मंदिर के अंदर की व्यवस्था और कीमती सामान के बारे में अच्छी जानकारी थी।
पुलिस का कहना है कि इसी जानकारी के चलते आरोपी ने कथित तौर पर लालच में आकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




