Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 2 अक्टूबर 2026: गुरुग्राम में बिना नंबर प्लेट वाहन लेकर सड़कों पर निकलने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पश्चिम पुलिस जोन की टीमों ने विशेष अभियान चलाकर पिछले दो सप्ताह में बिना नंबर प्लेट चल रहे 1028 वाहनों को इंपाउंड किया है। इनमें 846 दोपहिया और 182 चारपहिया वाहन शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह अभियान सिर्फ ट्रैफिक नियमों का पालन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि वाहनों की पहचान सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान पालम विहार थाना पुलिस ने 264, जबकि उद्योग विहार थाना पुलिस ने 241 वाहनों को इंपाउंड किया। पश्चिम पुलिस जोन की अन्य टीमों ने भी प्रमुख सड़कों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की।
पुलिस का कहना है कि वाहन की नंबर प्लेट उसकी पहचान का सबसे अहम हिस्सा है। नंबर प्लेट नहीं होने या उसके स्पष्ट नहीं होने की स्थिति में वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यातायात व्यवस्था के साथ-साथ किसी आपराधिक घटना की जांच में भी परेशानी हो सकती है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम के निर्देशन में यह अभियान लगातार जारी है। जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट या यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित नंबर प्लेट जरूर लगवाएं। नंबर प्लेट को सही स्थान पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें और उसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न करें। इसके अलावा वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस ने साफ किया है कि बिना नंबर प्लेट वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का फोकस सड़क पर ऐसे वाहनों की पहचान सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के पालन को मजबूत करने पर है।




