Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में बढ़ते प्रदूषण और उससे जुड़ी शिकायतों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को सख्त रुख अपनाया। शहर की विकास परियोजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मामलों में लापरवाही का मुद्दा उठा, जिसके बाद हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) के गुरुग्राम नॉर्थ और गुरुग्राम साउथ के क्षेत्रीय अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गुरुग्राम नॉर्थ की रीजनल ऑफिसर आकांक्षा और गुरुग्राम साउथ के रीजनल ऑफिसर मुकुल कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। दोनों अधिकारियों के निलंबन आदेश HSPCB के चेयरमैन शेखर विद्यार्थी की ओर से 2 अक्टूबर को जारी किए गए।
समीक्षा बैठक में उठा प्रदूषण का मुद्दा: शुक्रवार को गुरुग्राम में विकास कार्यों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में शहर की सफाई, प्रदूषण नियंत्रण और नागरिकों की शिकायतों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
रिपोर्टों के मुताबिक, गुरुग्राम की अलग-अलग रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA) की ओर से प्रदूषण और पर्यावरण से जुड़े मामलों में कार्रवाई को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इन शिकायतों के निस्तारण और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे।
दोनों RO पर क्यों हुई कार्रवाई?: गुरुग्राम में HSPCB के दो क्षेत्रीय कार्यालय हैं। इनमें गुरुग्राम नॉर्थ और गुरुग्राम साउथ शामिल हैं। बोर्ड की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक दोनों क्षेत्रों के लिए अलग-अलग रीजनल ऑफिसर तैनात हैं और अपने-अपने क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मामलों की निगरानी उनकी जिम्मेदारी है।
क्षेत्रीय अधिकारियों के स्तर पर औद्योगिक इकाइयों, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP), प्रदूषण संबंधी शिकायतों और पर्यावरण नियमों के पालन की निगरानी जैसे काम आते हैं। शिकायत मिलने पर संबंधित स्थान का निरीक्षण, जरूरत के अनुसार सैंपलिंग और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई भी इसी व्यवस्था का हिस्सा है।
दिल्ली से कूड़ा लाने वाले वाहनों पर भी सख्ती: समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली से गुरुग्राम में कूड़ा लाकर डालने वाले वाहनों पर भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों को ऐसे वाहनों की पहचान करने और नियम तोड़ने वाले वाहनों को इंपाउंड करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि गुरुग्राम में बाहर से कूड़ा लाकर डालने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में ये नेता भी रहे मौजूद: समीक्षा बैठक में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, सोहना विधायक तेजपाल तंवर और गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
दोनों क्षेत्रीय अधिकारियों के निलंबन के आदेश 2 अक्टूबर को ही जारी कर दिए गए। निलंबन आदेशों के मुताबिक दोनों अधिकारियों का हेडक्वार्टर HSPCB मुख्यालय, सेक्टर-6 पंचकूला रखा गया है।




